🔊
गौ-हत्याकांड या माहौल बिगाड़ने की साजिश? हल्द्वानी में कटा सिर मिलने पर बवाल, कुत्ते के मुंह में मिला गौ माता का कटा सिर, साजिश की आशंका
हल्द्वानी,
शहर में बीती रात उस समय तनाव फैल गया जब एक कुत्ते के मुंह में गौ माता का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो/फोटो सोशल मीडिया पर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और देर रात तक हालात तनावपूर्ण रहे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुत्ता स्वयं किसी गाय का सिर धड़ से अलग नहीं कर सकता, ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर गौ माता का सिर काटकर इधर-उधर डाल कौन रहा है? आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति या समूह द्वारा गौ-हत्याकांड कर अवशेषों को जंगल या सुनसान क्षेत्रों में फेंका गया होगा, जिसे जंगली जानवर या कुत्ते उठा लाते हैं। इससे शहर का माहौल बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की सख्त जांच की जाए और पता लगाया जाए कि आखिर गौ-हत्या कर अवशेष फैलाने वाले लोग कौन हैं। यदि यह कृत्य किसी साजिश या माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से किया गया है तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।