🔊
मेरी कलम मेरी पहचान अभियान को EIC पोर्टल पर मिला विशेष स्थान, डिजिटल मंच से बढ़ेगी रचनात्मक पहल की पहुंच
मेरी कलम मेरी पहचान अभियान को EIC पोर्टल पर मिला विशेष स्थान, डिजिटल मंच से बढ़ेगी रचनात्मक पहल की पहुंच
लोहाघाट। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मकता और लेखन को बढ़ावा देने वाले मंच ‘शैक्षिक नवाचारी संवाद’ (EIC) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर डायट लोहाघाट के व्याख्याता डॉ. कमल गहतोड़ी के रचनात्मक अभियान ‘मेरी कलम मेरी पहचान’ को विशेष स्थान दिया है। इस पहल से शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की लेखन प्रतिभा को व्यापक डिजिटल मंच उपलब्ध होगा।
EIC पोर्टल पर अब ‘मेरी कलम मेरी पहचान’ अभियान से जुड़ी गतिविधियों, उत्कृष्ट रचनाओं और लेखों को एक ही स्थान पर देखा जा सकेगा। पोर्टल से जुड़े शिक्षक, शिक्षाविद और छात्र-छात्राएं इस अभियान की विभिन्न गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों से रूबरू हो सकेंगे।
इस सहभागिता से विशेष रूप से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के रचनाकारों को अपनी प्रतिभा और विचारों को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। साथ ही शैक्षिक विचारों, साहित्य और रचनात्मक लेखन के डिजिटल आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस विशेष जुड़ाव पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ‘मेरी कलम मेरी पहचान’ अभियान के सूत्रधार डॉ. कमल गहतोड़ी ने शैक्षिक नवाचारी संवाद उत्तराखंड के संस्थापक एवं संचालक शंकर सिंह अधिकारी, सहायक अध्यापक, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटन पाटनी के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. गहतोड़ी ने कहा कि शंकर सिंह अधिकारी के निरंतर प्रयासों और सहयोग से दोनों रचनात्मक प्रयासों को एक साथ आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि EIC के डिजिटल मंच से ‘मेरी कलम मेरी पहचान’ अभियान को नई पहचान और व्यापक पहुंच मिलेगी।
इस सहभागिता से दोनों मंचों से जुड़े पाठकों का दायरा बढ़ने के साथ ही शिक्षकों, विद्यार्थियों और रचनाकारों के बीच रचनात्मक संवाद को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
‘मेरी कलम मेरी पहचान’ का विशेष सेक्शन शैक्षिक नवाचारी संवाद की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव कर दिया गया है, जहां अभियान से जुड़ी गतिविधियों और रचनाओं को देखा जा सकता है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: