🔊
सनसनीखेज हत्या, पार्षद ने युवक को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित ओमर होटल के पीछे शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जगफार्म क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय युवक नितिन लोहनी की करीब रात 12:30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना ओमर होटल के पीछे की बताई जा रही है। आरोप है कि वारदात को स्थानीय पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने अपने घर के बाहर अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि हत्या का कारण कुछ दिन पूर्व हुई आपसी लड़ाई है, जिसका बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पार्षद का पूर्व में भी कई बार विवादों से नाम जुड़ चुका है और उस पर मारपीट के आरोप लगते रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इसी पार्षद से जुड़े एक विवाद के मामले में पहले कोतवाली के बाहर विधायक बंशीधर भगत द्वारा धरना भी दिया गया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी पार्षद भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष भी है, जिसके चलते मामला राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।