🔊
चम्पावत में विश्व पुस्तक दिवस पर छात्रों को पठन के प्रति किया गया जागरूक, लोकतंत्र में भागीदारी निभाने की अपील
चम्पावत, 23 अप्रैल 2025 : बुधवार को जिला पंचायत सभागार, चम्पावत में विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन अपर जिला अधिकारी जयवर्धन शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस वर्ष विश्व पुस्तक दिवस 2025 की थीम ‘रीड योर वे’ (Read Your Way) रखी गई, जिसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि किताबें न केवल ज्ञान का स्रोत हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सोचने-समझने की क्षमता को भी विकसित करती हैं। "किताबों से दोस्ती और स्वस्थ लोकतंत्र की समझ" विषय पर विभिन्न विद्वानों और अतिथियों ने अपने विचार साझा किए।
अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने कहा कि बच्चों और युवाओं में पढ़ने के प्रति प्रेम और अनुशासन विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "केवल पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अनुशासित ढंग से पढ़ना जरूरी है।"
उन्होंने यह भी बताया कि लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अब एक साल में चार बार (1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई, 1 अक्टूबर) मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा फॉर्म-6 भरकर या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
इसके साथ ही, उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे यूसीसी पोर्टल पर अपने परिजनों और रिश्तेदारों का पंजीकरण करवाने में मदद करें।
जिला स्वीप समन्वयक जीवन कॉलोनी ने संचालन करते हुए किताबों और लोकतंत्र के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य वी.सी. जोशी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में युवाओं को गैजेट्स से दूर रहकर किताबों की ओर लौटना चाहिए, क्योंकि किताबों से मिलने वाला आनंद अद्वितीय है।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों और अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी/प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी धनपत कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम खर्कवाल, आदर्श चंपावत समन्वयक इंद्रेश लोहनी, कमलेश सक्टा, हिमांशु जोशी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बीएलओ, लाइब्रेरी के छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: