🔊
टनकपुर: माँ पूर्णागिरी मेला के दौरान ज्वैलर्स की दुकान में चोरी करने वाले चार शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी गया पूरा माल बरामद
टनकपुर, चंपावत। उत्तर भारत के प्रसिद्ध माँ पूर्णागिरी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चार शातिर चोरों को टनकपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सोने का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 अप्रैल 2025 को टनकपुर निवासी राजू गुप्ता द्वारा थाना टनकपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि कुछ लोग प्रकाश ज्वैलर्स की दुकान में ग्राहक बनकर आए और दुकान से 1 सोने की चेन, 1 जोड़ी बाली तथा 4 सोने के पेंडल चोरी कर ले गए। इस पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक चंपावत श्री के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान की। तत्पश्चात बिचई से मनिहारगोठ अंडरपास के पास से चारों आरोपियों को एक सफेद NIOS कार (HR21R 7847) के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
1. रोहिताश उर्फ बाबूलाल (61 वर्ष) – निवासी हिसार, हरियाणा
2. जगत (55 वर्ष) – निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश
3. राजीव (35 वर्ष) – निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
4. रजनी (30 वर्ष) – निवासी हापुड़, उत्तर प्रदेश
बरामदगी का विवरण:
01 पीली धातु की चेन
01 जोड़ी पीली धातु की बाली
02 पीली धातु के “ॐ” पेंडल
02 गणेश प्रतिमा वाले पेंडल
घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की कार
टनकपुर पुलिस द्वारा इस सराहनीय कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह रावत सहित कुल 14 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम को उनके सक्रिय योगदान के लिए सराहना दी है और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और भी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं।