🔊
चंपावत में सहकारी समिति में 81 लाख के गबन का मामला, सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज
चंपावत, 24 अप्रैल 2025:
जिले के पाटी विकासखंड में बहुउद्देश्यीय प्रा. कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड (MPACS), दूबड़ में लगभग 81 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। इस संबंध में समिति के निलंबित सचिव श्री जय राम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
एफआईआर के अनुसार, श्री जय राम ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए समिति की निधियों का गबन, फर्जीवाड़ा और गंभीर लापरवाही की। आरोप है कि उन्होंने कुल ₹81,08,848 की धनराशि में अनियमितता बरती है।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देश पर की गई, जिसमें ADO सहकारिता पाटी द्वारा पाटी थाना में तहरीर दी गई। इसके आधार पर दिनांक 23 अप्रैल 2025 को रात्रि 9 बजे एफआईआर संख्या 0010 दर्ज की गई। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 316, 318, 336 और 338 के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस गंभीर वित्तीय अनियमितता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद की सभी सहकारी समितियों में पारदर्शिता बनाए रखने हेतु नियमित लेखा परीक्षण, निरीक्षण और सदस्य जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।