🔊
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाराकोट का निरीक्षण, सुविधाएं संतोषजनक पर एक्सरे और अल्ट्रासाउंड नहीं उपलब्ध
बाराकोट, चम्पावत | 25 अप्रैल 2025:
खण्ड विकास अधिकारी मोनिका पाल द्वारा आज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाराकोट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली गई।
डॉ. कैलाश चन्द्र गहतोडी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र वर्तमान में टाइप-बी श्रेणी में पंजीकृत है। केन्द्र में कुल चार बेड हैं और सप्ताह के सभी कार्यदिवसों में आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहती हैं। साथ ही, ओपीडी सेवाएं प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित की जाती हैं। संस्थागत प्रसव की सुविधा भी नियमित रूप से उपलब्ध है।
वर्तमान में केन्द्र में 03 एमबीबीएस, 01 बीएचएमएस, 01 बीएएमएस डॉक्टर, 01 फार्मासिस्ट, 02 नर्सिंग ऑफिसर, 02 एएनएम और 01 वार्ड बॉय तैनात हैं। हालांकि, एक्सरे और अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं अभी उपलब्ध नहीं हैं।
डॉ. कैलाश ने बताया कि रक्त संबंधी सभी जांचें नि:शुल्क की जाती हैं। साथ ही, केन्द्र के समीप एक ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसमें आधुनिक जांच उपकरण भी उपलब्ध हैं। परंतु, कार्यदायी संस्था द्वारा स्वास्थ्य विभाग को यह यूनिट हस्तांतरित न किए जाने के कारण इसका संचालन अभी तक शुरू नहीं हो पाया है।
निरीक्षण के दौरान सहायक खण्ड विकास अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कार्मिक भी उपस्थित रहे। खण्ड विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र की स्थिति पर संतोष जताते हुए आवश्यक सुधारों हेतु संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।