🔊
पुलवामा में आतंकी एहसान उल हक का घर जमींदोज, 24 घंटे में तीसरी बड़ी कार्रवाई
पहलगाम हमले के बाद सुरक्षाबलों की सख्त कार्रवाई जारी, अब तक तीन आतंकियों के घर तबाह
पुलवामा, जम्मू-कश्मीर:
पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ सघन अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में शनिवार को पुलवामा जिले में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी एहसान उल हक के घर को ध्वस्त कर दिया गया। बीते 24 घंटों में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है।
सूत्रों के अनुसार, एहसान उल हक ने वर्ष 2018 में पाकिस्तान में आतंकी प्रशिक्षण लिया था और हाल ही में कश्मीर घाटी में घुसपैठ की थी। वह पहलगाम हमले का संदिग्ध बताया जा रहा है।
पहले भी दो आतंकियों के घरों पर कार्रवाई
इससे पहले अनंतनाग जिले के बिजबेहरा और त्राल के गोरी इलाके में दो अन्य आतंकियों के घरों को भी तबाह किया गया। गोरी में एक संदिग्ध के घर को बम से उड़ाया गया, जहां तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध वस्तुएं पाई गईं। सुरक्षाबलों ने खतरे को देखते हुए पहले पीछे हटकर सुरक्षा सुनिश्चित की, फिर एक शक्तिशाली विस्फोट से घर को नष्ट किया गया।
26 पर्यटकों की नृशंस हत्या से मचा हड़कंप
गौरतलब है कि मंगलवार को पहलगाम की बायसरन घाटी में सेना की वर्दी में आए आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। हमलावरों ने धर्म पूछकर टारगेट किया और अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। मारे गए लोगों में दो विदेशी और दो स्थानीय नागरिक भी शामिल हैं।
टीआरएफ ने ली हमले की जिम्मेदारी
इस क्रूर हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। बताया जा रहा है कि इस हमले का उद्देश्य आगामी श्रीअमरनाथ यात्रा को निशाना बनाना था, जो 3 जुलाई से शुरू होने वाली है।
2019 पुलवामा हमले के बाद सबसे बड़ा हमला
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे बड़ी आतंकी घटना है। उस हमले में 47 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे।