🔊
नेपाल बॉर्डर से सटे गाँवों में बढ़ेगी सुरक्षा, सामाजिक कार्यकर्ता ने उठाई आवाज
चम्पावत, 25 अप्रैल 2025।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी क्रम में चम्पावत जिले के सीमांत क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ाने की माँग उठने लगी है।
सामाजिक कार्यकर्ता भुवन सिंह बिल ने चम्पावत के पुलिस अधीक्षक को एक पत्र लिखकर नेपाल बॉर्डर से लगे गाँवों — बगोटी, डुंगरालेटी, मजपीपल, मंडलक आदि — में सघन चेकिंग अभियान चलाने की माँग की है।
भुवन सिंह ने अपने पत्र में कहा कि चम्पावत का यह क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा होने के कारण संदिग्ध गतिविधियों की आशंका हमेशा बनी रहती है। पहलगाम की घटना को देखते हुए इन सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की कड़ी जांच और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पंचेश्वर कोतवाली के अंतर्गत मंडलक चौकी को विशेष निर्देश देकर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक या आतंकी गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
जनसुरक्षा के इस मुद्दे पर स्थानीय प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।