🔊
मा० केंद्रीय राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग स्थल का निरीक्षण
टनकपुर/चम्पावत, 27 अप्रैल 2025:
मा० केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (टनकपुर से पिथौरागढ़ मार्ग) के टनकपुर से चम्पावत प्रभाग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार ने जानकारी दी कि टनकपुर-चम्पावत खंड में 22 भू-स्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार का कार्य चल रहा है, जिसमें 90% कार्य पूर्ण हो चुका है। इस कार्य पर लगभग 80 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रभाग में 45 नए भू-स्खलन प्रभावित स्थलों का भी चिन्हीकरण कर रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी गई है।
स्वाला भू-स्खलन प्रभावित स्थल पर हिल साइड उपचार कार्य तेजी से जारी है, जिसे मानसून से पहले पूरा करने के प्रयास हो रहे हैं। वहीं, खड्ड साइड उपचार कार्य के लिए डी.पी.आर. स्वीकृत कर निविदा आमंत्रित कर ली गई है।
मार्ग पर मानसून काल में यातायात सुचारू बनाए रखने हेतु जे.सी.बी., पोकलैंड मशीनों तथा टिप्परों के लिए भी निविदाएँ आमंत्रित कर ली गई हैं।
इसके अतिरिक्त, चम्पावत बाईपास निर्माण कार्य हेतु भी निविदा आमंत्रित कर ली गई है, जिसकी अनुमानित लागत 220 करोड़ रुपए तथा लंबाई 9.85 किमी होगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।