🔊
पूर्णागिरि धाम में श्रद्धा का सैलाब, 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां के दर्शन
चम्पावत, 27 अप्रैल 2025,
उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ पूर्णागिरि धाम में इस वर्ष के मेले के दौरान आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। 15 मार्च 2025 से प्रारंभ हुए मेले में अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन कर चुके हैं।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार दर्शन करने वालों में 4,35,214 पुरुष, 3,61,200 महिलाएं, 1,08,440 वरिष्ठ नागरिक और 1,88,035 बच्चे शामिल हैं। श्रद्धालुओं की संख्या में प्रतिदिन लगातार वृद्धि देखी जा रही है और पूरा क्षेत्र भक्ति एवं उल्लास के वातावरण से सराबोर है।
श्रद्धालुओं को उत्तम सुविधाएं प्रदान करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविरों की स्थापना, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, स्वच्छता के सघन प्रबंध, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। मेला परिसर में श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देशन में वृद्धजनों, महिलाओं और बच्चों की सुविधा हेतु विशेष सेवाओं की व्यवस्था की गई है। संपूर्ण मेला क्षेत्र में साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ और पवित्र वातावरण में दर्शन का अवसर मिल सके।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन के अधिकारी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेला क्षेत्र में नियमों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें, ताकि सभी को सुरक्षित, सहज और सुखद दर्शन का अनुभव प्राप्त हो सके।
पूर्णागिरि धाम की यह भव्य यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक गहन आध्यात्मिक अनुभव बन रही है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत करते हुए उनकी सफल और सुखद यात्रा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।