🔊
चंपावत में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 59 गिरफ्तार, 6.8 किलो चरस बरामद
चंपावत, 28 अप्रैल 2025।
जनपद चंपावत में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान के तहत अब तक वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कुल 39 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने इन मामलों में 59 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से 523 ग्राम हेरोइन/स्मैक, 986 ग्राम अफीम तथा 6.833 किलोग्राम चरस बरामद की गई है।
जनपद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त दो गिरोहों के छह अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्यवाही की है। साथ ही अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जब्ती की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा जिले में कुल 235 नाली भूमि पर की जा रही भांग की अवैध खेती को नष्ट किया गया है।
नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण इलाकों में रैलियों, गोष्ठियों और सेमिनारों का आयोजन भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी नवनीत पांडे की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में एनकोर्ड समिति (NCORD) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मादक पदार्थों के उन्मूलन के प्रयासों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ नशा उन्मूलन के अभियान को तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने शिक्षण संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। साथ ही संवेदनशील स्थानों — जैसे हाईवे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सतर्कता बढ़ाने और विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों को सक्रिय करने और पीड़ितों के पुनर्वास हेतु प्रभावी कार्ययोजना लागू करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि "नशा मुक्त चंपावत" के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई जारी रखेंगे।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नवीन चंद्र पंत, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य और अलकेश नौडियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जिला आबकारी अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत और जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश सिंह जंगपांगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।