🔊
सहकारी समिति में 81 लाख रुपये का घोटाला, निलंबित सचिव जय राम गिरफ्तार
चम्पावत, 29 अप्रैल 2025: जनपद चम्पावत के थाना पाटी क्षेत्र के अंतर्गत बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति दुबड में 81,08,948 रुपये के गबन का मामला सामने आया है। इस गंभीर आर्थिक अनियमितता के आरोप में समिति के निलंबित सचिव जय राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सहकारी समिति, जो कि क्षेत्रीय किसानों को रवि व खरीफ की फसलों के लिए ऋण उपलब्ध कराती है, में यह घोटाला लंबे समय से चल रहा था। जय राम, जो वर्ष 2012 से मई 2024 तक सचिव के पद पर कार्यरत था, पर किसानों के खातों में गड़बड़ी करने और दस्तावेजों में हेराफेरी करने का आरोप है।
किसानों की शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन ने एक पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। जांच में पाया गया कि जय राम ने न केवल किसानों और समिति के धन का दुरुपयोग किया, बल्कि सरकारी दस्तावेजों में कूट रचना भी की। जांच पूरी होने पर सहायक विकास अधिकारी अनिल जोशी द्वारा थाना पाटी में धारा 316, 318, 336, 338 BNS के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करवाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चम्पावत ने तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए। थानाध्यक्ष ओम प्रकाश के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को 28 अप्रैल को पाटी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे:
1. ओम प्रकाश (थानाध्यक्ष, थाना पाटी)
2. का0 कमल नाथ
3. का0 दीपक सिंह
आरोपी का विवरण:
नाम: जय राम
पिता का नाम: नारायण राम
निवासी: ग्राम दुबडकमलेख, थाना पाटी, जिला चम्पावत
उम्र: 42 वर्ष
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच पारदर्शी रूप से आगे बढ़ाई जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।