🔊
चंपावत जनपद में यूसीसी पंजीकरण हेतु शिविरों का आयोजन जारी, मंगलवार को 47 पंजीकरण संपन्न
चंपावत, 29 अप्रैल 2025 (सूवि)।
जनपद चंपावत में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत विवाह एवं संबंधित पंजीकरण के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन जारी है। जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देशानुसार 21 अप्रैल से यूसीसी पंजीकरण शिविरों की श्रृंखला चलाई जा रही है, जिसके अंतर्गत मंगलवार को तीन ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए गए।
जारी रोस्टर के अनुसार मंगलवार को ग्राम पंचायत ज्ञाखेड़ा, दिगालीचौड़ तथा चौड़ाकोट में शिविरों का संचालन किया गया। इनमें ग्राम पंचायत चंदनी में कुल 24, किमतोली में 08 तथा पाटी में 15 पंजीकरण हुए, जिससे कुल 47 यूसीसी पंजीकरण संपन्न हुए।
जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण नागरिकों की सुविधा हेतु यह शिविर ग्राम पंचायत स्तर पर ही आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को पंजीकरण के लिए दूर न जाना पड़े तथा अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया से लाभान्वित हो सकें। सभी पंजीकरण स्थानीय सीएससी केंद्रों के माध्यम से किए जा रहे हैं।
शिविरों में भाग लेने हेतु नागरिकों को कुछ आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है, जिनमें पति-पत्नी की पासपोर्ट साइज फोटो, संयुक्त फोटो, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, निवास एवं आयु प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज शामिल हैं।
अगला शिविर 30 अप्रैल को ग्राम पंचायत तरकुली, पुल्ला तथा मूलाकोट में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक नागरिक अधिक जानकारी के लिए संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों तथा सीएससी संचालकों से संपर्क कर सकते हैं।