🔊
लोहाघाट महाविद्यालय में युवा मतदाता महोत्सव का भव्य आयोजन, लोकतंत्र के प्रति युवाओं को किया गया प्रेरित
चंपावत, 29 अप्रैल 2025
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में मंगलवार को युवा मतदाता महोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता गुप्ता ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महोत्सव के अंतर्गत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगोली, स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, मेंहदी एवं भाषण जैसी विविध प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने शत-प्रतिशत मतदान, निष्पक्ष एवं निर्भीक चुनाव में सहभागिता तथा मतदाता पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि संजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत जैसे विशाल लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे कैम्पस एम्बेसडर बनकर अपने परिवार और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में पंजीकरण हेतु प्रेरित करें। साथ ही उन्होंने निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।
इस अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी स्वीप जीवन कलोनी ने ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और ईएलसी (निर्वाचन साक्षरता क्लब) के उद्देश्यों तथा कैंपस एम्बेसडरों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक माह ईएलसी की बैठकें आयोजित कर युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. दिनेश व्यास (नोडल स्वीप), डॉ. प्रकाश लखेडा, डॉ. सुमन पांडे, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. कमलेश सकट्टा, डॉ. स्वाति बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी ईश्वरी लाल शाह सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मानव श्रृंखला बनाकर मतदाता शपथ दिलाई गई तथा युवाओं ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: