🔊
चंपावत: सुरक्षित दवा - सुरक्षित जीवन, अभियान के तहत मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण, अनियमितताओं पर दो दुकानों को किया गया बंद
चंपावत, 29 अप्रैल 2025
सुरक्षित दवा - सुरक्षित जीवन अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंपावत द्वारा लोहाघाट तहसील क्षेत्र में औषधि दुकानों का निरीक्षण किया गया। अभियान का उद्देश्य नकली एवं एक्सपायरी दवाओं की रोकथाम करते हुए नागरिकों को गुणवत्ता युक्त और सुरक्षित औषधियाँ उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण दल द्वारा लोहाघाट क्षेत्र के कुल चार मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से दो मेडिकल स्टोरों में औषधि भंडारण में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। एक्सपायरी दवाओं के पृथक भंडारण की व्यवस्था न होने और अन्य कमियों के कारण दो दुकानों को अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया गया।
निरीक्षण टीम में माननीय सिविल जज भवदीप रावते, एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत, फार्मेसी अधिकारी भूपेश जोशी, ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार, तहसीलदार लोहाघाट और पुलिस विभाग के अधिकारी सम्मिलित थे।
निरीक्षण के दौरान लोहाघाट मेन बाजार स्थित एक आयुर्वेद क्लीनिक में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। वहां टेरामाइसिन इंजेक्शन की शीशी में स्थायी रूप से लगी सुई का प्रयोग पाया गया, साथ ही क्लीनिक पंजीकृत नहीं था और ऐलोपैथिक दवाएं बेचने का वैध लाइसेंस भी मौजूद नहीं था। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही आमजन की सेहत के लिए अत्यंत खतरनाक है और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी मेडिकल स्टोर और क्लीनिक संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें, अन्यथा कड़ी विधिक कार्यवाही की जाएगी।