🔊
चकरपुर में सड़क हादसे में चंपावत के युवक की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
चंपावत, 29 अप्रैल 2025।
चकरपुर क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में चंपावत निवासी युवक सूरज जोशी की दुखद मृत्यु हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरा चंपावत शोक में डूब गया है। सरल, शांत और मिलनसार स्वभाव के सूरज जोशी अपनी व्यवहार कुशलता के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सूरज जोशी और उनके साथी पवन बाइक से कहीं जा रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से सामने वाहन से टक्कर हो गई औऱ शरीर में आंतरिक चोट से चंपावत के जोशी टैंट हाउस के स्वामी भवानी दत्त जोशी के बेटे सूरज जोशी (19) की मौत हो गई। जबकि व्यापार मंडल के पूर्व कोषाध्यक्ष रमेश बिष्ट के बेटे पवन बिष्ट (20) गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
सूरज की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोजीपुरा रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में गहरी शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग, परिचित व मित्रजन सूरज को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनके आवास पर पहुंच रहे हैं।
स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।