🔊
चम्पावत में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियाँ शुरू, 1 मई से शुरू होंगी विविध योग गतिविधियाँ
चम्पावत, 30 अप्रैल 2025 (सूवि)।
जनपद चम्पावत में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में योग को जन-जन तक पहुँचाने हेतु 1 मई से 20 जून 2025 तक विभिन्न योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "Yoga for One Earth, One Health" निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर एकता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा देना है।
इन कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले के समस्त विकास खण्डों एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालयों द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर विविध योग गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इनमें सामूहिक योगाभ्यास सत्र, योग प्रतियोगिताएं, योग मैराथन, योग महाकुम्भ, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, जनजागरूकता रैलियाँ और विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान जैसे आयोजन शामिल होंगे।
मुख्य आयोजन 21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दिन सम्पन्न होगा, जिसमें जनसामान्य से लेकर अधिकारीगण तक सहभागिता करेंगे।
इस क्रम में योग दिवस कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत 1 मई 2025 (गुरुवार) को प्रातः 6:30 बजे आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष), लोहाघाट में की जाएगी। इस अवसर पर नवनिर्मित योग हॉल का उद्घाटन किया जाएगा तथा योग अनुदेशकों द्वारा कॉमन योगा प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आनंद सिंह गुसाईं ने जनपद के समस्त नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं बुजुर्गों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “योग न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण को भी बढ़ावा देता है। आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग एक प्रभावशाली समाधान है।”
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करें और एक स्वस्थ, सुखद एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हों।