🔊
चम्पावत में फिरौती मांगने व स्कूटी चोरी के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश जारी
चम्पावत, 30 अप्रैल 2025:
चम्पावत कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक निजी पावर हाउस में कार्यरत दो कर्मचारियों द्वारा अपने ही मालिक से फिरौती मांगने और चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी फरार चल रहा है।
पीड़ित पदम सिंह निवासी इन्द्रानगर कॉलोनी, बसंत विहार, देहरादून ने 27 अप्रैल को कोतवाली चम्पावत में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पावर हाउस गौरी रोड, चम्पावत में तैनात कर्मचारी धानू कुमार और दीपक ने खुद के अपहरण का नाटक कर उनसे मोबाइल फोन के जरिए 6 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। साथ ही, दोनों ने पावर हाउस में तोड़फोड़ कर कॉपर वायर और एक स्कूटी (UK 07 HA 7873) चोरी कर ली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक चम्पावत और क्षेत्राधिकारी चम्पावत के निर्देशन में तथा प्रभारी कोतवाल चम्पावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सुरागरसी, पतारसी और सर्विलांस के जरिए 29 अप्रैल को आरोपी धानू कुमार को पलिया-पूरनपुर मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राधिका भण्डारी (प्रभारी चौकी बाजार), हे० का० मतलूब खाँ (SOG टनकपुर) और का० नवीन कन्याल (चौकी बाजार) शामिल रहे। पुलिस फरार आरोपी दीपक की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।