🔊
टनकपुर में राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई, 13 अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी
चंपावत, 2 मई 2025 (सू.वि.):
जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देश पर ग्राम खेतखेड़ा, पट्टी क्षेत्र टनकपुर में शुक्रवार को राजस्व विभाग द्वारा राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई शासन के राजस्व भूमि सुरक्षा एवं अतिक्रमण नियंत्रण अभियान के तहत की गई, जिसमें क्षेत्रीय पुलिस बल की उपस्थिति में 0.7 हेक्टेयर भूमि का सर्वेक्षण किया गया।
सर्वेक्षण के दौरान अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाया गया, जिससे संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया। वहीं स्थायी अतिक्रमण की पुष्टि पर 13 अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें भूमि खाली करने और स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
राजस्व विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के विरुद्ध यह मुहिम आगे भी सख्ती और नियमितता के साथ जारी रहेगी, जिससे राजकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस कार्रवाई में उप जिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी, तहसीलदार टनकपुर जगदीश गिरी, क्षेत्रीय वन दरोगा, पटवारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।