🔊
ग्राम ओखलंजा में एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य; विषय पर योग कार्यक्रम आयोजित
चंपावत | 3 मई 2025
ग्राम पंचायत ओखलंजा में शनिवार को “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” विषय पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आगामी 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर ओखलंजा द्वारा आयोजित किया गया।
इस आयोजन का नेतृत्व जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आनंद सिंह गुसाईं, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह, तथा NAM चंपावत के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुधाकर गंगवार के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमेश भारती द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राकेश बोहरा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए संकल्प के साथ की गई, जिसके पश्चात योग अनुदेशक श्री शंकर सिंह अधिकारी द्वारा कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अंतर्गत प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया गया। इस सत्र में योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विविध क्रियाओं के माध्यम से स्वास्थ्य और आत्मिक शांति का संदेश दिया गया।
इस योग कार्यक्रम में कुल 26 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें महिलाएं, पुरुष, बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल थे। यह आयोजन न केवल ग्रामीण समुदाय को योग के प्रति जागरूक करने में सफल रहा, बल्कि “#एक_पृथ्वी, #एक_स्वास्थ्य” जैसे महत्वपूर्ण संदेश को भी जन-जन तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध हुआ।