🔊
छठा वित्त आयोग का चम्पावत दौरा: विकास कार्यों और नवाचारों की जमीनी हकीकत से हुए रूबरू
चम्पावत, 3 मई 2025 (सूचना विभाग):
छठा वित्त आयोग के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 3 मई से जनपद चम्पावत का तीन दिवसीय दौरा शुरू किया है। इस दल में आयोग के अध्यक्ष श्री एन. रविशंकर, सदस्य डॉ. एम.सी. जोशी और श्री पी.एस. जंगपंगी शामिल हैं। दौरे का उद्देश्य जिले में संचालित विकास योजनाओं, नवाचारों, रोजगार सृजन के प्रयासों और स्थानीय व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है।
दौरे की शुरुआत श्रद्धास्थल माँ पूर्णागिरि मंदिर से हुई, जहाँ आयोग के सदस्यों ने दर्शन के साथ-साथ मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और मेले के संचालन की समीक्षा की। उन्होंने इसे न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र, बल्कि स्थानीय पर्यटन और रोजगार का सशक्त माध्यम भी बताया।
इसके उपरांत आयोग ने पूर्णागिरि तहसील में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं वैकल्पिक मार्ग की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से आवश्यक सुझाव आमंत्रित किए।
थ्वालखेड़ा क्षेत्र में आयोग ने बेकरी यूनिट और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया गया। आयोग ने युवाओं के लिए चलाए जा रहे स्वरोजगार कार्यक्रमों की सराहना की।
श्यामलाताल क्षेत्र के भ्रमण के दौरान आयोग ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत संचालित मधुवाटिका होमस्टे, हनी एवं स्पाइस ग्रोथ सेंटर और मौनपालन इकाई का दौरा किया। श्री हरीश जोशी द्वारा संचालित मौनपालन इकाई को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार का सफल मॉडल बताया गया। आयोग ने उद्यमियों एवं हितधारकों से संवाद कर योजनाओं की प्रभावशीलता की समीक्षा की।
आयोग ने विवेकानंद आश्रम का भी भ्रमण किया और क्षेत्र की सांस्कृतिक-सामाजिक विरासत को करीब से समझा। साथ ही, किसानों, स्वयं सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।
आयोग का यह दौरा जनपद की जमीनी हकीकत को समझने और आगामी वित्तीय सिफारिशों में स्थानीय आवश्यकताओं को सम्मिलित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस दौरान पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, उपाध्यक्ष नीरज पांडे, उप जिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, जिला उद्योग केंद्र के महा प्रबंधक अमित भाकुनी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, दुग्ध संघ प्रबंधक सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।