🔊
सहकारी समिति घोटाले में बड़ी कार्रवाई: चम्पावत पुलिस ने किया SIT का गठन, आरोपी सचिव गिरफ्तार
चम्पावत, 03 मई 2025:
जनपद चम्पावत के थाना पाटी क्षेत्रान्तर्गत बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति दुबड में सामने आए 81.08 लाख रुपये के घोटाले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। आरोपी निलंबित सचिव को 28 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2012 से मई 2024 तक एक व्यक्ति बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति दुबड में सचिव के पद पर कार्यरत था। इस दौरान उसने किसानों के खातों में गड़बड़ी कर भारी वित्तीय अनियमितता की। किसानों की शिकायतों के बाद जांच समिति के सदस्य श्री अनिल जोशी (सहायक विकास अधिकारी, पाटी) द्वारा दी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना पाटी में अपराध संख्या 10/2025, धारा-316, 318, 336, 338 BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष पाटी की टीम द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के तहत आरोपी को क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
घोटाले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्री अजय गणपति ने आज 03 मई को थाना पाटी में मामले की समीक्षा की और प्रकरण की गहराई से जांच व दोषियों को सजा दिलाने के उद्देश्य से SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया।
गठित SIT में शामिल हैं:
श्री ओम प्रकाश, थानाध्यक्ष पाटी
श्री कमलेश भट्ट, थानाध्यक्ष रीठा साहिब
उप निरीक्षक श्री कुंदन सिंह, थाना लोहाघाट
क्षेत्राधिकारी चम्पावत के पर्यवेक्षण में कार्यरत यह टीम मामले की गहन विवेचना करते हुए साक्ष्यों को एकत्र करेगी तथा दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेगी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, चम्पावत द्वारा जारी विज्ञप्ति में जनता को आश्वस्त किया गया है कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।