🔊
राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष एन. रवि शंकर ने रीठा साहिब व भिगराड़ा का दौरा किया, विकास कार्यों की ली समीक्षा
चंपावत, 4 मई 2025
छठे राज्य वित्त आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री एन. रवि शंकर (सेवानिवृत्त मुख्य सचिव, IAS) तथा सदस्य श्री पी.एस. जंगपॉगी और डॉ. एम.सी. जोशी (दोनों सेवानिवृत्त सचिव, IAS) ने जनपद चंपावत के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
धार्मिक और स्वास्थ्य स्थलों का निरीक्षण
अपने भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन आयोग ने रीठा साहिब पहुँचकर गुरुद्वारे में दर्शन किए और वहाँ निर्माणाधीन पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) रीठा साहिब की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जानकारी देते हुए आवश्यक सुझाव आमंत्रित किए।
NRLM इकाई से महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ावा
इसके पश्चात आयोग ने भिगराड़ा स्थित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत संचालित पिरूल ब्रिकेट निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। यह इकाई स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराते हुए आजीविका संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
आयोग ने ब्रिकेट निर्माण को वनाग्नि नियंत्रण और आर्थिक सशक्तिकरण का सफल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि पिरूल ब्रिकेट से जहाँ पर्यावरण संरक्षण होगा वहीं यह ग्रामीणों के लिए स्थायी आय का साधन भी बन सकता है।
मायावती अद्वैत आश्रम का भी किया भ्रमण
अंत में आयोग ने मायावती स्थित अद्वैत आश्रम का भ्रमण कर वहाँ की गतिविधियों और सामाजिक-सांस्कृतिक योगदान की जानकारी ली।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।