🔊
चंपावत में आकाशीय बिजली से भूमिया मंदिर परिसर का विशाल पेड़ क्षतिग्रस्त, कुत्ते की हुई बिजली से मौत, बड़ा हादसा टला
चंपावत, 4 मई 2025
चंपावत जिले के जैगांव जैतोली स्थित भूमिया मंदिर परिसर में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक विशालकाय पेड़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान मंदिर परिसर में बैठे एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज आवाज के साथ बिजली मंदिर परिसर में स्थित पेड़ पर गिरी, जिससे पेड़ क्षतिग्रस्त हो गया और आग की चिंगारियां चारों ओर फैल गईं।
घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल बन गया। बिजली की तेज गर्जना और चमक ने ग्रामीणों को दहला दिया। लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले और देर तक मंदिर परिसर के आसपास सन्नाटा पसरा रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि भूमिया मंदिर में अक्सर श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं, ऐसे में अगर बिजली गिरने का समय अलग होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मंदिर परिसर में सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।