🔊
चम्पावत: लोहाघाट कस्बे में स्कूल समय में लागू होगी वनवे व्यवस्था : 06 मई से प्रभावी
चम्पावत, 05 मई 2025 (मीडिया सैल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय):
पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्री अजय गणपति के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपाधीक्षक चम्पावत/टनकपुर के पर्यवेक्षण में जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना लोहाघाट क्षेत्र के कस्बा लोहाघाट में स्कूल समय के दौरान वनवे यातायात व्यवस्था लागू की जा रही है।
यह निर्णय स्कूल समय में बढ़ते वाहन दबाव, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। 06 मई 2025 से यह व्यवस्था प्रातः 06:30 से 08:00 बजे तक तथा दोपहर 12:00 से 14:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
वनवे यातायात व्यवस्था के अंतर्गत:
1. सभी वाहन खेतीखान चौराहे से मीना बाजार होते हुए जयंती भवन की ओर चलेंगे।
2. जयंती भवन से मीना बाजार की ओर कोई चौपहिया वाहन नहीं चलेगा।
3. जयंती भवन से मुख्य बाजार जाने वाले वाहन पंचेश्वर तिराहे से होकर प्रवेश करेंगे।
4. दोपहिया वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
इस व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री हयात सिंह व उप निरीक्षक भुवन चंद्र (थाना लोहाघाट) द्वारा स्कूल प्रबंधकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर आपसी सहमति से यह निर्णय लिया गया।
जनहित में जारी।