🔊
बेरीनाग में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई, निकली भव्य रैली।
बेरीनाग (पिथौरागढ़)। 14 अप्रैल 2026 को बेरीनाग में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जीआईसी मैदान में लोगों के एकत्रित होने के साथ हुई, जहां मुख्य अतिथि विधायक फकीर राम टम्टा ने बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ नगर में विशाल रैली निकाली गई, जो जीआईसी मैदान से शहीद चौक होते हुए पुरानी बाजार तक पहुंची। रैली के दौरान जय भीम, जय भारत और जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के निर्माण में जो अद्वितीय योगदान दिया, वह देश के लिए गौरव की बात है। उनके विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल सहित अनेक गणमान्य लोग और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन ह्यूमन एवं डीआर टम्टा द्वारा किया गया।