🔊
चंपावत: स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने दिए सुधार के निर्देश
चंपावत, 07 मई 2025 (सूवि)।
जिला सभागार चंपावत में जिलाधिकारी नवनीत पाण्डे की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और दवाइयों की उपलब्धता, साथ ही आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संचालित योजनाओं, उनके क्रियान्वयन की स्थिति और बजट व्यय का भी गहन विश्लेषण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चंपावत को "आदर्श जनपद" के रूप में विकसित करने के लक्ष्य के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
लोहाघाट, पाटी और बाराकोट क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की अवस्थिति, स्टाफ की उपलब्धता और उपकरणों की स्थिति की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या सुनिश्चित की जाए।
जनपद मुख्यालय चंपावत के जिला अस्पताल की समीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं को और बेहतर करने पर जोर दिया गया। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्र टनकपुर और बनबसा में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को उच्च स्तरीय बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु ANM सेंटर एवं डिलीवरी सेंटर को और अधिक सक्षम बनाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर जनहित में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पांडे और डॉ. रश्मि पंत सहित स्वास्थ्य विभाग एवं एनएचएम के अधिकारी उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: