🔊
गंगोलीहाट: राजकीय इंटर कॉलेज भूलीगांव में निर्माण कार्य की लापरवाही से छात्रों की सुरक्षा और पढ़ाई पर संकट।
गंगोलीहाट। तहसील क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज भूलीगांव में चल रहा मरम्मत कार्य अब छात्रों, अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार, परिसर में फैली अव्यवस्था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते छात्रों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावक संघ और ग्राम पंचायत ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि मरम्मत कार्य मंडी परिषद को सौंपा गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी निर्माण अधूरा पड़ा है। स्कूल परिसर में पत्थर, टीन और अन्य निर्माण सामग्री बेतरतीब ढंग से फैली हुई है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 25 अप्रैल को कक्षा 11 के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद भी विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त कक्ष उपलब्ध नहीं हैं। वहीं कक्षा 6, 7 और 8 के छात्रों को अन्य कक्षाओं में समायोजित किया जा रहा है, जिससे उनकी नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, लंच ब्रेक के दौरान निर्माण कार्य के चलते बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही भी बनी रहती है, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि छात्रों के भविष्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, परिसर को सुरक्षित बनाया जाए और शिक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: