🔊
गंगोलीहाट में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्री-बैठक सम्पन्न, 9 मई को होगा आयोजन।
गंगोलीहाट। पिथौरागढ़ जनपद के गंगोलीहाट स्थित सिविल जज न्यायालय में आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण प्री-बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल जज रजनीश मोहन ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना रहा, ताकि लंबित मामलों को आपसी सहमति और सरल प्रक्रिया के माध्यम से शीघ्रता से निपटाया जा सके।
इस अवसर पर सिविल जज रजनीश मोहन ने उपस्थित अधिवक्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए लोक अदालत को सफल बनाने हेतु आवश्यक रणनीति, समन्वय और दिशा-निर्देशों पर चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से अधिकाधिक मामलों को लोक अदालत में संदर्भित कर जनहित में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में सहायक अभियोजन अधिकारी शोभित कुमार शर्मा, गंगोलीहाट थानाध्यक्ष कैलाश चन्द्र जोशी, बेरीनाग थाना उपनिरीक्षक शांति प्रकाश सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ताओं में जे0एस0 मेहरा, राजेन्द्र सिंह डोबाल, मनोज सिंह रावत, विजय पंत, सुनील बोरा एवं वीरेंद्र सिंह मलड़ा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इसके अतिरिक्त कोर्ट मोहर्रिर मनोज भट्ट एवं पैरोकार मोहन चंद्र भट्ट भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया, ताकि आमजन को सुलभ, त्वरित और कम खर्चीला न्याय मिल सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को शीघ्र न्याय का लाभ मिलेगा।