🔊
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियाँ शुरू, चंपावत में ग्राम और विद्यालय स्तर पर योग काउंटडाउन कार्यक्रम आयोजित
चंपावत, 07 मई 2025 (सूवि)।
11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला में जनपद चंपावत के विभिन्न ग्राम पंचायतों और विद्यालयों में बुधवार को योगाभ्यास सत्र, निबंध प्रतियोगिता तथा योग संकल्प जैसे आयोजन संपन्न हुए। इन सभी कार्यक्रमों का संचालन जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आनंद सिंह गुसाईं के निर्देशन में किया गया।
ग्राम पंचायत सेलानीगोठ (टनकपुर):
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय टनकपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सेलानीगोठ मुख्य अतिथि रहीं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार के संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षिका श्रीमती जयंती राय द्वारा कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में कुल 46 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
पं. दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज, इजड़ा:
यहाँ विद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसकी शुरुआत योग शपथ के साथ की गई। प्रतियोगिता में 119 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मोनिका माहरा (कक्षा 12) प्रथम, प्रियांशु जोशी (कक्षा 11) द्वितीय और निकिता (कक्षा 12) तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती मीनाक्षी माहरा, प्रधानाचार्य श्री कुंदन सिंह बोहरा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत मंढुवा:
यहाँ आयुष्मान आरोग्य मंदिर डुंगराबोरा द्वारा योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम प्रधान श्रीमती शांति देवी मुख्य अतिथि रहीं। योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षक श्री मनोज शर्मा ने किया, जिसमें 35 साधकों ने भाग लिया।
ग्राम पंचायत मूलाकोट:
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मूलाकोट द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री केशर सिंह अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य चन्दन सिंह अधिकारी और ग्राम प्रधान कैलाश प्रसाद की विशेष उपस्थिति रही। प्रभारी फार्मेसी अधिकारी मनोज सकलानी के संयोजन में हुए इस सत्र में 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
सभी कार्यक्रमों की शुरुआत "स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए योग संकल्प" के साथ की गई और प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास हेतु प्रेरित किया गया। आयोजन के माध्यम से जनसामान्य को योग के महत्व और लाभों के प्रति जागरूक किया गया।