🔊
मानसून पूर्व तैयारी: चंपावत के छिनीगोठ क्षेत्र में संभावित बाढ़ स्थलों का निरीक्षण, जल निकासी हेतु त्वरित कार्रवाई शुरू सिंचाई विभाग व सेना की संयुक्त टीम ने लिया स्थल का जायजा
चंपावत, 07 मई 2025 (सूवि)।
आगामी मानसून सत्र को देखते हुए जनपद प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की अग्रिम समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी ने सिंचाई विभाग एवं सेना के अधिकारियों के साथ छिनीगोठ क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था, बंद पड़े नालों की स्थिति और बाढ़ से संभावित खतरे की विस्तृत समीक्षा की। सिंचाई विभाग और सेना के प्रतिनिधियों ने स्थल का भौतिक निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों को लेकर सुझाव दिए।
तत्काल सफाई एवं निर्माण कार्य प्रारंभ
निरीक्षण उपरांत अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बंद नालों की तत्काल सफाई करवाई जाए तथा जल प्रवाह को सुचारू बनाने हेतु आवश्यक तकनीकी उपाय किए जाएं। साथ ही, बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यकतानुसार बांध निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की सक्रियता के तहत सिंचाई विभाग एवं सेना द्वारा संयुक्त रूप से सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य है कि बरसात के दौरान जलभराव और आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
जनता से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करें और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। इस निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई, सेना के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: