🔊
गंगोलीहाट के नौनिहालों ने नवोदय में लहराया परचम, प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने क्षेत्र का बढ़ाया मान
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। ब्लॉक गंगोलीहाट के प्राथमिक स्तर के होनहार बच्चों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में चयन प्राप्त कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
प्राथमिक विद्यालय खतेड़ा के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं इतीशा भाटिया, शौर्य टम्टा और मानस पंत ने शानदार सफलता हासिल की। इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षक श्री त्रिभुवन बिष्ट के उत्कृष्ट मार्गदर्शन, मेहनत और बच्चों के प्रति समर्पण को दिया जा रहा है।
वहीं प्राथमिक विद्यालय हर्षाथल के छात्र गर्वित कुमार ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए चयन प्राप्त किया। गर्वित की इस सफलता के पीछे उनकी एकल अध्यापिका श्रीमती मीनू वर्मा की निष्ठा, परिश्रम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की अहम भूमिका रही।
इन मेधावी विद्यार्थियों की सफलता पर जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ पिथौरागढ़ के जिलाध्यक्ष श्री बीरेन्द्र रावल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं समर्पित गुरुजनों को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
यह सफलता साबित करती है कि सरकारी विद्यालयों में भी प्रतिभा, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।