🔊
गणाई गंगोली में कटीले बंदरों का आतंक, वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग।
गणाई गंगोली क्षेत्र में कटीले बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के हमलों से स्थानीय लोग दहशत में हैं। बताया जा रहा है कि बंदर स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों पर झपट्टा मार रहे हैं और काटने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे अभिभावकों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बंदर घरों के अंदर घुसकर सामान उठा ले जा रहे हैं, वहीं दुकानों में घुसकर भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे व्यापारियों और ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय ने वन विभाग से जल्द क्षेत्र में पिंजरा लगाने और बंदरों को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने भी वन विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर लोगों को बंदरों के आतंक से राहत दिलाने की अपील की है।