🔊
चंपावत: आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले में अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पंचेश्वर/चंपावत।
जनपद चंपावत के थाना कोतवाली पंचेश्वर क्षेत्र में आत्महत्या के दुष्प्रेरण के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोगा राम पुत्र स्व. कालू राम, निवासी ग्राम कलोटा, पीपलखान, थाना पंचेश्वर, उम्र लगभग 59 वर्ष के रूप में हुई है।
इस संबंध में वादी द्वारा 12 अप्रैल 2025 को थाना पंचेश्वर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि वादी की बहन को उसके पति (जोगा राम) द्वारा बार-बार मारपीट और गाली-गलौच कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसी मानसिक उत्पीड़न के चलते महिला ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली।
प्रकरण में पुलिस ने एफआईआर संख्या 04/2025, धारा 108, 115(2), 352 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पिंकी धामी द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति द्वारा सभी थाना प्रभारियों को गंभीर अपराधों की निष्पक्ष और प्रभावी विवेचना करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके अनुपालन में यह गिरफ्तारी की गई। आरोपी को 8 मई 2025 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य साक्ष्य संकलन और विवेचना प्रक्रिया जारी है।