🔊
राजकीय महिला इंटर कॉलेज चमदेवल में साइबर और ट्रैफिक सुरक्षा पर पुलिस कार्यशाला आयोजित
चम्पावत, 10 मई 2025 – थाना कोतवाली पंचेश्वर पुलिस द्वारा राजकीय महिला इंटर कॉलेज, चमदेवल में साइबर अपराध एवं यातायात सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का संचालन उप निरीक्षक पिंकी धामी के नेतृत्व में किया गया।
इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों, महिला सुरक्षा तथा ट्रैफिक नियमों की जानकारी देना था। कार्यशाला में बताया गया कि किस प्रकार सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अपराध किए जाते हैं और उनसे बचने के क्या उपाय अपनाए जाएं।
इसके साथ ही घरेलू हिंसा एवं महिलाओं से संबंधित अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए नवीन कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 112 (आपात सेवा) की जानकारी भी दी गई।
इस अभियान को पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित किया गया।
थाना कोतवाली पंचेश्वर पुलिस ने इस पहल के माध्यम से छात्राओं को जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया और “मित्रता, सेवा, सुरक्षा” के आदर्श वाक्य को सार्थक किया।