🔊
जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल चंपावत का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की ली विस्तृत जानकारी
चंपावत, 10 मई 2025 (सूवि):
जिलाधिकारी श्री नवनीत पांडे ने शनिवार को जिला अस्पताल चंपावत का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन तैयारियों एवं स्वच्छता व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनरल वार्ड, महिला वार्ड, आपातकालीन कक्ष, प्रसूति कक्ष समेत विभिन्न विभागों का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों की भर्ती प्रक्रिया, स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यक्षमता, तथा सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता की जांच की।
श्री पांडे ने अस्पताल प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में अस्पताल पूरी तरह तैयार रहे। उन्होंने स्टाफ की शिफ्टवार तैनाती सुनिश्चित करने, तथा नर्सिंग कॉलेज के छात्रों को आपात स्थिति से निपटने हेतु प्रशिक्षित करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्लड बैंक, ऑक्सीजन बैकअप, लाइफ सेविंग ड्रग्स की उपलब्धता, वेंटिलेटर की स्थिति तथा आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति, कचरा प्रबंधन एवं पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता किसी भी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की नींव है और इसकी नियमित निगरानी अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा, उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पांडे सहित अन्य चिकित्सक व स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।