🔊
पूर्णागिरि और टनकपुर क्षेत्र में दुष्कर्म के दो मामले दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
टनकपुर/चंपावत, 12 मई 2025: पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में महिला दुकानदार से दुष्कर्म के मामले में कोतवाली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी बिजली ठेकेदार का कर्मचारी बताया जा रहा है।
कोतवाल चेतन रावत ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 मई को आरोपी लालू ने उसे और उसके पति को भोजन कराया। भोजन के बाद दोनों को नशा महसूस होने लगा। पति के बेहोश होने पर आरोपी महिला को पास के जंगल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले की जांच एसआई लता बिष्ट को सौंपी गई थी, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और मेडिकल परीक्षण उप जिला अस्पताल में कराया गया।
वहीं टनकपुर क्षेत्र में दुष्कर्म का एक और मामला सामने आया है। एक युवती ने स्थानीय युवक राजकुमार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाल रावत ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच दरोगा हिमानी गहतोड़ी द्वारा की जा रही है।
पुलिस प्रशासन दोनों ही मामलों में सख्त कदम उठा रहा है और दोषियों को शीघ्र ही कानून के कठघरे में लाने का भरोसा दिलाया गया है।