🔊
भारत-नेपाल सीमा पर सघन गश्त व चेकिंग अभियान, पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई जारी
पंचेश्वर/चंपावत, 12 मई 2025
भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर आतंरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चंपावत पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम द्वारा सोमवार को सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली पंचेश्वर क्षेत्र अंतर्गत चौकी रौसाल प्रभारी एएसआई श्री जगत सिंह रोंकली के नेतृत्व में पुलिस बल ने SSB BOP कुशमतघाट के साथ मिलकर ग्रामसभा पासम और कोट क्षेत्रों में संयुक्त अभियान संचालित किया। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय आसामाजिक और अवांछित तत्वों पर विशेष नजर रखी गई और बाहरी जनपदों व राज्यों से आए अपरिचित व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया।
गश्त के दौरान पुलिस व SSB जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों की कुशलक्षेम पूछते हुए उन्हें पुलिस की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस का संदेश साफ है: “मित्रता, सेवा, सुरक्षा” के मूल मंत्र के साथ सीमावर्ती इलाकों में कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा।