🔊
चंपावत: सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय के लिए जिलाधिकारी की विशेष बैठक, NGO को एक सप्ताह में विवरण जमा करने के निर्देश
चंपावत, 12 मई 2025 (सूवि): जनपद में सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और नागरिक सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी नवनीत पांडे की अध्यक्षता में एक विशेष समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों, प्रशासनिक विभागों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सीमा सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, यातायात, संचार व्यवस्था और आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को समन्वय, संवाद और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता, कंट्रोल रूम की सक्रियता और संचार व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) को एक सप्ताह के भीतर अपनी जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी होगी ताकि आपात स्थितियों में उनका सहयोग प्रभावी ढंग से लिया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, SSB डीआईजी सुधांशु नौटियाल, ITBP, भारतीय सेना, BRO, EME, CISF, IB और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी, साथ ही जिला प्रशासन, चिकित्सा, परिवहन, अग्निशमन, विद्युत, खाद्य और वन विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से पारस्परिक सहयोग, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन के साथ कार्य करते हुए जनपद को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित रखने की अपील की।