🔊
टनकपुर क्षेत्रान्तर्गत सोशल मीडिया में झूठी खबर पोस्ट कर श्री मां पूर्णागिरि मेले मे आने वाले श्रद्धालुओं को भयभीत करने वाले अभियुक्त को बाराबंकी, उत्तर प्रदेश से किया गया गिरफ्तार
चंपावत, 14 मई 2025 | जनपद चंपावत की टनकपुर पुलिस ने श्री मां पूर्णागिरि मेला क्षेत्र को लेकर सोशल मीडिया पर झूठा वीडियो वायरल करने वाले युवक को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम आईडी DURGESH_RAJPUT4490 से एक भ्रामक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें श्रद्धालुओं को जाम, फायरिंग और खतरे के सायरन की आवाजों के बीच भागते हुए दिखाया गया था।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देशन में तथा पुलिस उपाधीक्षक चंपावत/टनकपुर के पर्यवेक्षण में सोशल मीडिया पर झूठी व भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना टनकपुर में आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत एफआईआर संख्या 51/2025 दर्ज की गई।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान दुर्गेश राजपूत पुत्र सुरेश राजपूत निवासी ग्राम बिठौरा, थाना रामनगर, जनपद बाराबंकी (उ.प्र.), उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई। उपनिरीक्षक तेज कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को बाराबंकी से गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की झूठी, भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करना, उसे शेयर या लाइक करना कानूनन अपराध है। जनपद चंपावत पुलिस ऐसे लोगों पर सतर्क निगरानी रखे हुए है और निरंतर कार्यवाही कर रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी खबर को जांचे-परखे बिना सोशल मीडिया पर पोस्ट, शेयर या लाइक न करें।