🔊
लोहाघाट: सचिन मेहरा मौत मामला :चचेरे भाई रविंद्र सिंह महरा पर हत्या का मुकदमा दर्ज
लोहाघाट, चंपावत | जनकांडे गांव निवासी 25 वर्षीय सचिन मेहरा की रहस्यमय मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। लोहाघाट पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई रविंद्र सिंह महरा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
सचिन मेहरा 27 मार्च को अपने चचेरे भाई रविंद्र के साथ खेतीखान जाने की बात कहकर बाइक से निकले थे, लेकिन उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। रविंद्र देर रात अकेले लौटा और परिजनों को भी सचिन के बारे में कोई सूचना नहीं दी।
अगले दिन 28 मार्च को सचिन के पिता प्रेम सिंह महरा ने पाटी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 29 मार्च को सचिन का शव लोहाघाट थाना क्षेत्र के पोखरी (धूनाघाट) में सड़क किनारे एक खाई में मिला। शव की हालत देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
प्रेम सिंह महरा ने लोहाघाट थाने में भतीजे रविंद्र के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी और डीएम व एसपी चंपावत से निष्पक्ष जांच की मांग की। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुप्तांग और चेहरे पर गंभीर चोटें पाई गईं, साथ ही गर्दन टूटने की आशंका भी व्यक्त की गई।
लोहाघाट थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रविंद्र सिंह महरा पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसएसआई भुवन कोहली कर रहे हैं।
अब जांच के बाद ही साफ होगा कि यह मामला दुर्घटना था या सोची-समझी हत्या।