🔊
लापता चार साल की मासूम की हत्या, लापता मासूम की हत्या से सनसनी
लापता मासूम की हत्या से सनसनी, शव टनल के पास मिला – जांच तेज
हरिद्वार | शहर कोतवाली क्षेत्र के रोड़ीबेलवाला इलाके से लापता चार वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 13 मई से लापता बच्ची का शव शुक्रवार सुबह मनसा देवी मंदिर टनल के पास एक कोने में पड़ा मिला। मासूम की बेरहमी से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पिता ने खुद ढूंढा शव
बच्ची के पिता ने ही उसकी तलाश के दौरान शव को खोज निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गला घोंटने की आशंका, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या की आशंका है। साथ ही बच्ची के साथ किसी प्रकार की दरिंदगी की संभावना से भी इंकार नहीं किया गया है। सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी।
एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि एक संदिग्ध की पहचान की गई है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
यह दिल दहला देने वाली घटना क्षेत्र में आक्रोश का कारण बन गई है। परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी न्याय की मांग कर रहे हैं।