🔊
लोहाघाट: लोनिवि कार्यालय में सेवा पुस्तिका गुम, समाधान के लिए चढ़ेगा देवीय अछत
’
लोहाघाट | 16 मई 2025:
राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोनिवि, लोहाघाट कार्यालय में कार्यरत अपर सहायक अभियंता इंजीनियर जय प्रकाश की सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) कार्यालय से रहस्यमयी ढंग से गायब हो गई है। तमाम खोजबीन के बावजूद दस्तावेज न मिलने से न केवल संबंधित कर्मचारी बल्कि कार्यालय के अधिष्ठान सहायक भी मानसिक रूप से तनाव में हैं।
इस अभूतपूर्व स्थिति में अधिशासी अभियंता इ. आशुतोष कुमार ने एक देवीय समाधान प्रस्तावित किया है। आदेश के अनुसार, सभी अधिकारी व कर्मचारी 17 मई को अपने-अपने घरों से दो मुठ्ठी चावल लाकर कार्यालय में जमा करेंगे, जिन्हें किसी मंदिर में अर्पित किया जाएगा, ताकि "देवता न्याय करें।"
कार्यालय पत्रांक 836/15 के माध्यम से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी कर्मचारी चावल लाकर इ. जय प्रकाश को सौंपें ताकि समस्या का समाधान देवी आस्था के माध्यम से खोजा जा सके।
यह आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों के बीच आश्चर्य व चर्चा का विषय बना हुआ है। सरकारी कार्यालय में आध्यात्मिक समाधान की यह पहल अपने आप में अद्वितीय है।