🔊
बनबसा पुलिस की मानवीय पहल: मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग महिला को परिजनों से मिलवाया
बनबसा, 18 मई 2025।
थाना बनबसा पुलिस ने आज एक सराहनीय कार्य करते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक बुजुर्ग महिला को सकुशल उनके परिजनों से मिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगभग 55 वर्षीय यह महिला बनबसा रेलवे स्टेशन के पास भटकती हुई पाई गई थी, जिन्हें चीता मोबाइल ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने देख कर थाने लाया।
महिला अपनी पहचान सही ढंग से नहीं बता पा रही थी। पुलिस द्वारा उनके बैग की तलाशी लेने पर आधार कार्ड प्राप्त हुआ, जिसमें नाम मुन्नी देवी पत्नी स्व. आन सिंह, निवासी मधुवा, चम्पावत अंकित था। तत्पश्चात ग्राम प्रधान मधुवा से संपर्क कर परिजनों की जानकारी प्राप्त की गई।
महिला के पुत्र से संपर्क करने पर उसने बताया कि वह बाहर नौकरी करता है और उसने अपने बनबसा निवासी रिश्तेदार को थाने भेजा। कुछ ही समय बाद महिला का रिश्ते का नाती थाने पहुंचा और पहचान कर महिला को सकुशल अपने साथ ले गया।
बनबसा पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता के चलते एक बुजुर्ग महिला सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुंच सकी। इस मानवीय कार्य के लिए पुलिस की सर्वत्र सराहना हो रही है।