🔊
चम्पावत पुलिस की सतर्कता: मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला लखनऊ से सकुशल बरामद
चम्पावत। चम्पावत जिले के चल्थी क्षेत्र से गुमशुदा हुई एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को पुलिस ने सैकड़ों किलोमीटर दूर लखनऊ के आलमबाग से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की इस त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई की प्रशंसा क्षेत्र में की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 मई 2025 को श्रीमती पुष्पा (उम्र 46 वर्ष), पत्नी श्री प्रेम सिंह निवासी दूयरी बलेनो, चम्पावत, अचानक घर से बिना बताए कहीं चली गईं। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। कई दिन तक तलाश के बाद दिनांक 16 मई को उनके पति ने कोतवाली चम्पावत में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देश पर व पुलिस उपाधीक्षक चम्पावत/टनकपुर के पर्यवेक्षण में गुमशुदा महिला की खोजबीन के लिए एक टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी व पतारसी के आधार पर महिला की लोकेशन ट्रेस करते हुए आलमबाग, लखनऊ से उन्हें सकुशल बरामद किया।
बरामदगी के बाद महिला को आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। चम्पावत पुलिस की इस संवेदनशील और सक्रिय भूमिका की सराहना की जा रही है।