🔊
माह जून में चम्पावत में आयोजित हो सकता है गोल्ज्यू महोत्सव, महोत्सव हुआ तो सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मेलों से गुलजार होगा शहर
चम्पावत, 20 मई:
इस वर्ष 6 जून से चम्पावत में गोल्ज्यू महोत्सव आयोजित किए जाने की सम्भावना है। बीते वर्ष यह आयोजन विभिन्न कारणों से नहीं हो पाया था, लेकिन इस बार प्रशासन व आयोजन समिति महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी में जुटी है।
महोत्सव में स्थानीय लोक संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य व रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही, महिला स्वंय सहायता समूहों द्वारा तैयार हस्तशिल्प और उत्पादों को बाजार मिलेगा जिससे उन्हें आर्थिक संबल भी मिलेगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय हाट-बाजार और ऐतिहासिक स्थलों को भी महोत्सव से जोड़ा जाएगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, खेल, और आकर्षक खिलौनों की दुकानों के साथ-साथ शैक्षिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जल्द ही बैठक आयोजित की जा सकती है। स्थानीय जनता इस आयोजन को लेकर उत्साहित है, और उम्मीद है कि यह आयोजन चम्पावत की सांस्कृतिक धरोहर को एक नई पहचान देगा।