🔊
UCC पंजीकरण में अग्रणी ग्राम पंचायत को मिलेगा ₹5 लाख की विकास योजना का पुरस्कार: जिलाधिकारी नवनीत पांडे
चम्पावत, 22 मई 2025:
समान नागरिक संहिता (UCC) के तहत पंजीकरण प्रक्रिया को प्रभावी और तीव्र बनाने की दिशा में जिलाधिकारी श्री नवनीत पांडे ने जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 31 मई 2025 तक सभी शासकीय कार्यालयों के कार्मिकों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी स्थायी एवं अस्थायी कार्मिक स्वयं पंजीकरण करें और आमजन को भी प्रेरित करें, ताकि जनपद में भागीदारी अधिकतम हो सके। पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने एक नई पहल की घोषणा की — UCC पंजीकरण में अग्रणी ग्राम पंचायत को ₹5 लाख की विकास योजना पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी।
पुरस्कार की पात्रता उस ग्राम पंचायत को दी जाएगी, जहां 31 मई तक प्रति व्यक्ति पंजीकरण अनुपात (कुल पंजीकरण / कुल जनसंख्या) सबसे अधिक होगा।
महत्वपूर्ण निर्देश:
CSC केंद्रों द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली पर सख्त कार्रवाई होगी।
UCC पंजीकरण के साथ-साथ आधार पंजीकरण कैंप भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रक्रिया और अधिक सुलभ हो।
बैठक में उपस्थित अधिकारीगण: अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, यूपी जिला अधिकारी अल्केश नौटियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी तनुजा वर्मा, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, जिला पंचायती राज अधिकारी भूपेंद्र कुमार आर्य, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तनुज रावल सहित अन्य अधिकारी।
जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर ग्राम विकास में योगदान दें।