🔊
पूर्णागिरि रोपवे परियोजना में आएगी तेजी, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
पूर्णागिरि रोपवे परियोजना में आएगी तेजी, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
करीब 45 करोड़ की लागत से बन रहा 950 मीटर लंबा रोपवे, 5 मिनट में पहुंचेंगे श्रद्धालु
चंपावत। धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र माँ पूर्णागिरि धाम में प्रस्तावित रोपवे परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना स्थल पर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से जानकारी ली।
डीएम ने प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि धाम में देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे परियोजना श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
45 करोड़ की लागत, 5 मिनट में पूरा होगा सफर
प्रोजेक्ट मैनेजर महेंद्र सिंह ने बताया कि करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा रोपवे अत्याधुनिक ‘ट्राई केबल जिग बैक’ सिस्टम पर आधारित होगा। रोपवे की लंबाई करीब 950 मीटर और ऊंचाई लगभग 250 मीटर होगी। परियोजना के तहत दो केबिन लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक केबिन में 60+1 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी और रोपवे से प्रति घंटे करीब 800 यात्रियों को परिवहन सुविधा मिल सकेगी। श्रद्धालु महज 5 मिनट में रोपवे के जरिए माँ पूर्णागिरि धाम तक पहुंच सकेंगे।
बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगों को मिलेगी बड़ी राहत
रोपवे परियोजना के पूरा होने से वृद्धजनों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। यात्रा का समय कम होने के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और अन्य कार्मिक मौजूद रहे।