🔊
रीठा साहिब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की दो मोटरसाइकिलों समेत दो आरोपी गिरफ्तार
चम्पावत। जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रीठा साहिब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चोरी की दो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिलों को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले के अनुसार, 14 जून 2026 को मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में थाना रीठा साहिब में FIR संख्या 02/2026 एवं 03/2026 के तहत धारा 303(2) BNS में मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए सुरागरसी और पतारसी तेज कर दी।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव (IPS) के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी चम्पावत श्री देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रीठा साहिब भुवन चन्द्र आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 अगस्त 2026 को प्रतापपुर, नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर) से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखविन्दर सिंह पुत्र जरनैल सिंह (22 वर्ष) तथा सुखदेव सिंह उर्फ राजू पुत्र पाला सिंह (27 वर्ष), दोनों निवासी सिसईखेड़ा, नानकमत्ता, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
चम्पावत पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। 🚔